अहम नियुक्तियों पर फंसी ट्रांसफर लिस्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में लंबे समय से इंतजार की जा रही आईपीएस अधिकारियों की बहुप्रतीक्षित तबादला सूची अभी तक जारी नहीं हो सकी है। पुलिस मुख्यालय से लेकर शासन स्तर तक तैयारियों के बावजूद सूची अंतिम चरण में अटक गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह फायर सर्विस के महानिदेशक (डीजी), लखनऊ पुलिस कमिश्नर और नोएडा पुलिस कमिश्नर जैसे अहम पदों पर अंतिम फैसला न हो पाना बताया जा रहा है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले प्रस्तावित
सूत्रों के मुताबिक, इस सूची में डीजी, आईजी और डीआईजी रैंक के कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले प्रस्तावित हैं। इसके अलावा हाल ही में पीपीएस से आईपीएस बने 28 अधिकारियों को भी पहली बार उनकी नई जिम्मेदारियां सौंपी जानी हैं। वहीं, डीजी रैंक में पदोन्नत हुए तीन वरिष्ठ अधिकारी भी नई तैनाती का इंतजार कर रहे हैं।
फायर सर्विस और विजिलेंस में खाली हैं डीजी के पद
प्रदेश में डीजी रैंक की कुल सात कैडर पोस्ट हैं, जिनमें—डीजीपी, डीजी सीआईडी, डीजी विजिलेंस, डीजी यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, डीजी ट्रेनिंग डायरेक्टरेट, डीजी होमगार्ड, डीजी फायर सर्विस शामिल हैं।
इनमें विजिलेंस और फायर सर्विस के डीजी पद वर्तमान में खाली हैं। डीजीपी राजीव कृष्ण के पास फिलहाल विजिलेंस का अतिरिक्त प्रभार है, जबकि 1994 बैच के आईपीएस सुजीत पांडेय के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद से फायर सर्विस का डीजी पद रिक्त पड़ा हुआ है।
डीजी बने, लेकिन अभी भी एडीजी पद पर तैनात हैं तीन अधिकारी
हाल ही में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को डीजी रैंक में पदोन्नत किया गया, लेकिन अभी तक उन्हें डीजी स्तर की नई जिम्मेदारी नहीं मिली है। इनमें शामिल हैं—
प्रकाश डी – एडीजी, जीआरपी
अशोक मुथा जैन – एडीजी, गोरखपुर जोन
अमरेंद्र सेंगर – पुलिस कमिश्नर, लखनऊ
इनमें अशोक मुथा जैन अगले महीने 31 तारीख को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में फायर सर्विस के डीजी पद के लिए प्रकाश डी और अमरेंद्र सेंगर के नाम सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।सूत्रों के अनुसार, सीआईडी के डीजी बीके सिंह का नाम भी चर्चा में है, लेकिन उनके पास पहले से सीआईडी, साइबर क्राइम और यूपी-112 जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। ऐसे में उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नर की कुर्सी पर भी मंथन
यदि अमरेंद्र सेंगर को डीजी स्तर की नई जिम्मेदारी मिलती है तो लखनऊ पुलिस कमिश्नर का पद खाली होना तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार इस पद के लिए चार वरिष्ठ अधिकारियों के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं—पीयूष मोर्डिया – एडीजी, वाराणसी जोन, प्रवीण कुमार – एडीजी, लखनऊ जोन, ए. सतीश गणेश – एडीजी अपराध एवं यातायात, मोहित अग्रवाल – पुलिस कमिश्नर, वाराणसी ,हालांकि अभी किसी भी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।
नोएडा पुलिस कमिश्नर भी बदल सकती हैं
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का तबादला भी लगभग तय माना जा रहा है। वह नवंबर 2022 से इस पद पर कार्यरत हैं।2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार ऐसे जिलों में लंबे समय से तैनात जिलाधिकारी और पुलिस प्रमुखों का स्थानांतरण किया जाता है। इसी वजह से नोएडा में नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति की संभावना तेज मानी जा रही है।
28 नए आईपीएस अधिकारियों को मिलेगी पहली बड़ी जिम्मेदारी
हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के 28 अधिकारियों को आईपीएस रैंक में पदोन्नति मिली है।फिलहाल ये अधिकारी विभिन्न जिलों और इकाइयों में एडिशनल एसपी के रूप में तैनात हैं। इनमें पुलिस मुख्यालय, एटीएस, विजिलेंस, सीआईडी, एसएसएफ, एसडीआरएफ, पुलिस कमिश्नरेट कानपुर तथा बाराबंकी, हरदोई, इटावा, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मथुरा, गोरखपुर समेत कई जिलों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।सूत्रों का कहना है कि इनमें से कई अधिकारियों को पहली बार किसी जिले की कमान या समकक्ष महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
इन नियुक्तियों पर टिकी है सबकी नजर
यूपी पुलिस के इस संभावित फेरबदल में जिन प्रमुख पदों पर सभी की नजर है, उनमें—फायर सर्विस के डीजी, विजिलेंस के डीजी, लखनऊ पुलिस कमिश्नर, नोएडा पुलिस कमिश्नर, डीजी रैंक में पदोन्नत अधिकारियों की पोस्टिंग, पीपीएस से आईपीएस बने 28 अधिकारियों की नई तैनाती सबसे अहम माने जा रहे हैं।
सूत्रों का दावा
पुलिस और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि इन प्रमुख पदों पर सहमति बनते ही आईपीएस तबादला सूची कभी भी जारी हो सकती है। माना जा रहा है कि सूची जारी होने के बाद प्रदेश के कई बड़े जिलों और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिलेगा।इस खबर में संभावित तबादलों और दावेदारों से जुड़ी जानकारी सूत्रों के हवाले से है। उत्तर प्रदेश सरकार या पुलिस मुख्यालय ने अभी तक तबादला सूची या नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
यह भी पढ़े :फर्जी FASTag से करोड़ों के टोल राजस्व की चोरी का भंडाफोड़
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
