होम उप्र न्यूज़ यूपी में हाई अलर्ट, DGP राजीव कृष्ण कंट्रोल रूम से कर रहे...

यूपी में हाई अलर्ट, DGP राजीव कृष्ण कंट्रोल रूम से कर रहे कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग, अधिकारियों को सख्त निर्देश

0
91

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय लगातार सक्रिय है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश और पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) एल.आर. कुमार भी मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम में बैठकर प्रदेश के सभी जिलों की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी।

समीक्षा के दौरान विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद कर मौजूदा स्थिति की जानकारी ली गई तथा संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, पुलिस की तैनाती और सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया गया। बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। सभी जिलों की पुलिस को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए कहा गया। विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

डीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, अफवाह या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस बल को लगातार सक्रिय रखते हुए हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखने और स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान यह भी कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया त्वरित, प्रभावी और समन्वित होनी चाहिए, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करते रहें। साथ ही, जनता के बीच विश्वास बनाए रखते हुए शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जाएं। प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी इकाइयों को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है और हालात पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़े : लंबे समय तक आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध ‘बलात्कार’ नहीं : हाईकोर्ट

यह भी पढ़े : 150 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद खुला चोरी का राज, पीजीआई पुलिस ने 20 लाख के जेवरों समेत चार शातिर चोर दबोचे

यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन

यह भी पढ़े : अमेरिका तक पहुंची लखनऊ पुलिस की जांच, अंतरराष्ट्रीय फर्जी कॉल सेंटर के मास्टरमाइंड समेत 3 और गिरफ्तार