शादी समारोह में वीडियो शूट करने जा रहे दो कैमरामैनों की सड़क हादसे में मौत
कन्नौज। तालग्राम थाना क्षेत्र के तालग्राम कस्बा स्थित मोहल्ला गांधी नगर निवासी दो युवकों की शुक्रवार रात्रि करीब 11 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। दोनों युवक शादी समारोह में वीडियो शूटिंग करने के लिए बाइक से जा रहे थे। निकवा गांव के समीप बालाजी मंदिर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना तालग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तालग्राम पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान सौरभ शाक्य (22 वर्ष) पुत्र रामनाथ शाक्य तथा अवनीश शाक्य पुत्र महेश शाक्य, निवासी मोहल्ला गांधी नगर, तालग्राम के रूप में हुई है। दोनों पेशे से वीडियो शूटिंग का कार्य करते थे और एक शादी समारोह की बुकिंग में शामिल होने जा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निकवा गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के निकट आरटीओ की चेकिंग चल रही थी, जिसके चलते एक ट्रक सड़क पर खड़ा था।
इसी दौरान दोनों युवकों की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह पीछे से ट्रक में जा घुसी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि सौरभ शाक्य अपने पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी 18 वर्षीय बहन सलोनी है। हादसे के बाद माता गुड्डी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अवनीश शाक्य अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम शिशुपाल और रावेंद्र हैं। उसकी एक विवाहित बहन पिंकी है। उसकी माता फूलन देवी, जो दिव्यांग हैं, बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र यादव ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कन्नौज स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को घटना की सूचना मिलते ही छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया तथा निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं और हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगी।
यह भी पढ़े : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई बस में लगी आग; 7 की मौत, 22 घायल
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
