आर्लिंगटन (टेक्सास)। फीफा विश्व कप 2026 में मिस्र ने इतिहास रचते हुए पहली बार नॉकआउट मुकाबला जीत लिया। राउंड ऑफ-32 के रोमांचक मुकाबले में मिस्र ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में मिस्र का सामना मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना से होगा।
मुकाबले की शुरुआत से ही मिस्र ने आक्रामक खेल दिखाया और 13वें मिनट में इमाम अशूर ने शानदार हेडर के जरिए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की। 55वें मिनट में मिस्र के डिफेंडर मोहम्मद हानी के आत्मघाती गोल की बदौलत स्कोर 1-1 हो गया। इस विश्व कप में हानी दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए।निर्धारित समय और अतिरिक्त समय में कोई भी टीम निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सकी, जिसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा।
पेनल्टी शूटआउट में मिस्र ने शानदार प्रदर्शन किया। महमूद साबेर, रामी राबिया, कप्तान मोहम्मद सलाह और होसाम अब्देलमगीद ने अपनी-अपनी पेनल्टी को गोल में बदल दिया। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। हैरी साउटर पहली ही पेनल्टी चूक गए, जबकि 18 वर्षीय लुकास हेरिंगटन की चौथी पेनल्टी क्रॉसबार से टकरा गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केवल जैक्सन इरविन और अवेयर माबिल ही सफल पेनल्टी लगा सके।
निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदलने वाले होसाम अब्देलमगीद मिस्र की ऐतिहासिक जीत के नायक बने।मैच के बाद कप्तान मोहम्मद सलाह ने कहा कि यह उनके जीवन के सबसे यादगार दिनों में से एक है। उन्होंने कहा कि टीम की इस ऐतिहासिक जीत से बढ़कर उनके लिए कुछ नहीं है और वह इसकी खुशी पूरे मिस्र के लोगों के साथ साझा करना चाहते हैं।
इस हार के साथ विश्व कप के नॉकआउट चरण में ऑस्ट्रेलिया का निराशाजनक रिकॉर्ड भी जारी रहा। इससे पहले टीम 2006 में इटली और 2022 में अर्जेंटीना से बाहर हो चुकी थी। वहीं, चार विश्व कप खेलने के बाद मिस्र ने पहली बार नॉकआउट मुकाबला जीतकर नया इतिहास रच दिया।
यह भी पढ़े : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई बस में लगी आग; 7 की मौत, 22 घायल
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
