15 दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक मशीनें राहत कार्य में जुटीं
चिनहट में सुबह लगी आग ने लिया विकराल रूप, 4 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार
एहतियातन 50 से अधिक घर खाली कराए गए, जनहानि नहीं
लखनऊ । राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि करीब चार किलोमीटर दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई देता रहा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और कई घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह लगभग 6:10 बजे प्राप्त हुई। इसके बाद गोमतीनगर फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर तत्काल रवाना किए गए, जो करीब 6:26 बजे घटनास्थल पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर के अन्य फायर स्टेशनों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। मौके पर कुल 10 से अधिक फायर टेंडर, वाटर बाउजर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और एडवांस वाटर टावर (AWT) वाहन तैनात किए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह टहलने निकले लोगों ने सबसे पहले कोल्ड स्टोरेज से धुआं उठते देखा और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोल्ड स्टोरेज के पीछे स्थित कॉलोनी के 50 से अधिक घरों को खाली करा दिया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
करीब 20 वर्ष पुराने हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में इस समय हल्दी, मिर्च और अन्य किराना सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई थी। आग लगने के बाद सबसे बड़ी चुनौती मिर्च और मसालों के जलने से उठने वाले तीखे धुएं ने पैदा की। फायरकर्मियों ने जब अंदर प्रवेश करने की कोशिश की तो धुएं और मिर्च की झार से उन्हें तेज खांसी और आंखों में जलन होने लगी। इसके बाद रणनीति बदलते हुए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग बुझाने के लिए लगातार पानी की आवश्यकता पड़ने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तेजी से रिफिल करने के लिए इंदिरा नहर से पानी लाया गया। कई घंटों के दौरान 30 से अधिक बार दमकल वाहन पानी भरकर मौके पर पहुंचे। राहत कार्य के दौरान तेज हवा चलने से धुएं की दिशा अचानक बदल गई, जिससे टिन शेड और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म पर काम कर रहे फायरकर्मी भी धुएं की चपेट में आ गए। बावजूद इसके उन्होंने मोर्चा नहीं छोड़ा और आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
कोल्ड स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है और पूरी तरह बुझाने के बाद विस्तृत जांच की जाएगी।
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या