एसटीएफ ने 2,808 बोतलों के साथ तस्कर दबोचा
लखनऊ । उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्नाव से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए चिह्नित 142 पेटियों में पैक 2,808 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, एक पिकअप वाहन और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचा जाना था। मामले में गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
142 पेटियों में रखी 2,808 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई
एसटीएफ को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही है। इस इनपुट के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में एसटीएफ लखनऊ की टीम को सक्रिय किया गया। खुफिया जानकारी के दौरान पता चला कि चंडीगढ़ की शराब से लदी एक पिकअप उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र से गुजरने वाली है।
सूचना मिलते ही एसटीएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर ग्राम टिकरा बाव के पास घेराबंदी कर दी। देर शाम संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें 142 पेटियों में रखी 2,808 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। सभी बोतलों पर “For Sale in Chandigarh” अंकित था। मौके से वाहन चालक रंजीत, निवासी ग्राम टिकरा बाव, थाना औरास, उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पिकअप पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों अजय और विपिन के साथ मिलकर अवैध शराब की तस्करी करता था। शराब कन्नौज के औरलिया गांव से लोड की गई थी। पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब की पेटियों के ऊपर खरबूजे लाद दिए जाते थे, ताकि वाहन सामान्य कृषि उत्पाद से भरा हुआ दिखाई दे।
आरोपी ने यह भी बताया कि रास्ते में पुलिस जांच से बचने के लिए पिकअप पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां इस शराब को ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। ईंधन और अन्य खर्च का भुगतान उसके साथी ऑनलाइन माध्यम (यूपीआई) से करते थे।
दो अन्य तस्करों की तलाश जारी
एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से एक पिकअप वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ औरास थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। गिरोह के फरार सदस्यों अजय और विपिन की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।एसटीएफ का कहना है कि इस गिरोह के नेटवर्क, शराब की खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में स्थानीय पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़े : लखनऊ में मौत की आग: कोचिंग और एनीमेशन सेंटर में फंसे 15 मासूम जिंदा जले
यह भी पढ़े : लखनऊ अग्निकांड : सीएम योगी के निर्देश पर दो सदस्यीय विशेष जांच दल गठित
यह भी पढ़े : लखनऊ कोचिंग आग हादसे में पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार, चार अफसर सस्पेंड
यह भी पढ़े : UP Crime: छोटे भाई ने सोते समय बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की हत्या