वाहन चेकिंग अभियान में फर्जी विधायक स्टिकर लगी स्कॉर्पियो सीज, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

रामपुर। जनपद में सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के तहत यातायात पुलिस ने फर्जी विधायक स्टिकर लगी एक स्कॉर्पियो कार को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक न तो स्टिकर के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब दे सका और न ही वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में शनिवार को जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में थाना भोट क्षेत्र के कोयला टोल प्लाजा के पास यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव, फाल्टी नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध काले रंग की स्कॉर्पियो को रोककर जांच की। जांच में पाया गया कि वाहन पर “विधायक” का स्टिकर लगा हुआ था। जब चालक से उक्त स्टिकर के संबंध में जानकारी मांगी गई तो वह कोई वैध प्रमाण या संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। साथ ही वाहन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्रथम दृष्टया वाहन पर अनाधिकृत रूप से विधायक का स्टिकर लगाए जाने और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न कराने को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने स्कॉर्पियो को सीज कर थाना भोट परिसर में खड़ा करा दिया।रामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर किसी भी प्रकार के अनाधिकृत पदनाम, सरकारी प्रतीक चिन्ह या भ्रामक स्टिकर का प्रयोग न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विशेष वाहन चेकिंग अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक




