प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: लापता प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले, गांव में सनसनी

सीतापुर। जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब शुक्रवार से लापता प्रेमी युगल के शव शनिवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मामला रामपुर केवटा गांव का है, जहां एक किशोरी और युवक शुक्रवार शाम से घर से लापता थे। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन शनिवार सुबह गांव के बाहर दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने की सूचना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की। घटनास्थल पर श्रृंगार का सामान बिखरा मिला, जबकि किशोरी की मांग में सिंदूर भी दिखाई दिया। मौके के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने मौत से पहले आपस में विवाह जैसी कोई रस्म निभाई थी।
थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पूरे गांव में इस दर्दनाक घटना की चर्चा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रेम संबंध के इस दर्दनाक अंत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक




