भूमि विवाद में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप, इलाज के दौरान मौत

लखनऊ। राजधानी के महिगवां थाना क्षेत्र स्थित अतरौरा गांव में पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था
पुलिस के अनुसार, अतरौरा गांव निवासी रामकुमार यादव और उनके पुत्र महेंद्र यादव के बीच पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार 19 जून 2026 को रामकुमार यादव अपने खेत में खड़ी करवी (झाड़ियों) को ट्रैक्टर से जुतवा रहे थे। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद और मारपीट में बदल गई।आरोप है कि विवाद के दौरान महेंद्र यादव ने फावड़े से अपने पिता रामकुमार यादव के सिर पर हमला कर दिया। हमले में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ रेफर कर दिया गया।केजीएमयू में इलाज के दौरान रामकुमार यादव ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।गांव में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और विवाद का वास्तविक कारण क्या था।
यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख




