उप्र न्यूज़देश प्रदेश

आगरा में सड़क हादसे के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव में 11 पुलिसकर्मी घायल

आगरा। आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। फिरोजाबाद मार्ग पर पूठपुरा गांव के पास थार कार की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया, सड़क जाम कर दी और पुलिस पर पथराव कर दिया। घटना में एक इंस्पेक्टर समेत 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए।

थार की टक्कर से युवक की मौत, मची चीख-पुकार

जानकारी के अनुसार, पूठपुरा गांव के पास तेज रफ्तार थार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में खासपुर निवासी मनीष (22) की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। मृतक मनीष हाल ही में अपनी ससुराल पक्ष के एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। उसकी फरवरी में ही शादी हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

शव सड़क पर रखकर लगाया जाम

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि पुलिस ने थार चालक को मौके से फरार होने का मौका दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और बताया कि दुर्घटनाग्रस्त थार को पास के पेट्रोल पंप पर खड़ा कर दिया गया है तथा उसे सीज किया जाएगा, लेकिन भीड़ शांत नहीं हुई।

थार में तोड़फोड़, फिर पुलिस पर बरसे पत्थर

जब ग्रामीणों को वीडियो कॉल के जरिए थार दिखाया गया तो बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल पंप पहुंच गए और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। कुछ लोग कार को आग लगाने का प्रयास भी करने लगे। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी।

अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। कई पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ते नजर आए। करीब 15 मिनट तक लगातार पथराव होता रहा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

11 पुलिसकर्मी घायल, फटी वर्दी

पथराव में फतेहाबाद थाने के क्राइम इंस्पेक्टर सहित 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई पुलिसकर्मियों के सिर में गंभीर चोटें आईं। दरोगा धीरेंद्र यादव भी भीड़ के बीच फंस गए, जिनकी वर्दी तक फट गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अधिकांश पुलिसकर्मी बिना हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर के मौके पर पहुंचे थे, जिसके कारण चोटें अधिक आईं।

साढ़े तीन घंटे तक ठप रहा यातायात

हंगामे और जाम के कारण फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर करीब साढ़े तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने उजावली गांव और भोलपुरा रोड के रास्ते यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पूठपुरा गांव और पोस्टमार्टम हाउस के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े : पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

यह भी पढ़े : फायरिंग मामले में खान सर को पटना कोर्ट से राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

यह भी पढ़े : पीओके में बवाल: जेएएसी कार्यकर्ता की मौत के बाद भड़की हिंसा, 11 की मौत, 70 से ज्यादा घायल

यह भी पढ़े : दिल्ली में मौत का तांडव, रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 जिंदगियां राख

यह भी पढ़े : “आंखों के सामने ढह गया पुल, साथियों की चीखें आज भी कानों में गूंज रही हैं”, हमीरपुर हादसे के बचे मजदूरों ने सुनाई खौफनाक रात की कहानी

यह भी पढ़े : यूपी में स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला, उपभोक्ता खुद तय करेंगे प्रीपेड या पोस्टपेड मीटर

यह भी पढ़े : आर प्रज्ञानंद ने रचा इतिहास, नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बने

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button