लखनऊ । राजधानी के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ढेढ़ेमऊ में उस समय सनसनी फैल गई जब देशी शराब की दुकान पर तैनात सेल्समैन रिंकू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आरोपी नन्हके कहार घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
नन्हके कहार ने रिंकू पर अचानक हमला कर दिया
जानकारी के मुताबिक ग्राम ढेढ़ेमऊ स्थित देशी शराब की दुकान पर रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि नन्हके कहार ने रिंकू पर अचानक हमला कर दिया। हमले में रिंकू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
गांव में दहशत, अवैध शराब कारोबार पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही मलिहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों पर नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक शराब बेची जाती है। लोगों का कहना है कि शराब की दुकानों के आसपास अवैध गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं कर रहा।
हत्या के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राघवेंद्र सिंह नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कैंटीन संचालित की जा रही है, जहां देर रात तक शराब परोसी जाती है। लोगों का कहना है कि रात 12 बजे तक खुलेआम शराब बिक्री होने से इलाके का माहौल खराब हो रहा है और आए दिन विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध शराब बिक्री और आबकारी नियमों के उल्लंघन से जुड़े आरोपों की जानकारी आबकारी विभाग को भी दी जाएगी। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
