लखनऊ । यूपी में कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने केशवपुरम इलाके के एक मकान में अचानक छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान एक युवती समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया गया, जबकि मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है।
इलाके में पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं
बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान में देर रात तक युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे क्षेत्र के लोगों में काफी नाराजगी थी। कई बार पुलिस को सूचना भी दी गई, लेकिन हर बार कार्रवाई से पहले संदिग्ध लोग मौके से फरार हो जाते थे।
एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लिया
रविवार को मामला तब और गंभीर हो गया जब कूड़ा उठाने वाले एक व्यक्ति ने स्थानीय लोगों को बताया कि मकान से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री फेंकी जा रही है। इसके बाद मोहल्ले के लोगों का शक गहरा गया और कुछ युवक-युवतियों को मकान में जाते देख तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी गई।सूचना मिलते ही आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवती और तीन युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने मौके से बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मकान में वास्तव में देह व्यापार संचालित हो रहा था
जानकारी के अनुसार यह मकान कारोबारी आरएम पाण्डेय का है, जिसे करीब तीन महीने पहले दिनेश अग्निहोत्री नामक व्यक्ति को किराए पर दिया गया था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में वास्तव में देह व्यापार संचालित हो रहा था या फिर कोई और अवैध गतिविधि चल रही थी।एसीपी कल्याणपुर ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।