लखनऊ । राजधानी के थाना नगराम क्षेत्र के ग्राम बहरौली में घर पर पत्थर और ईंट फेंके जाने की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 5 बजे रिंकू पुत्र स्व. बाबूलाल के घर पर अज्ञात लोगों द्वारा पत्थर और ईंट के टुकड़े फेंके गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
शरारती तत्व लगातार उनके घर को निशाना बना रहे
परिवार के लोगों ने बताया कि शरारती तत्व लगातार उनके घर को निशाना बना रहे हैं, जिससे घर के बाहर बना सीमेंटेड टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।वहीं 19 अप्रैल को हुई इसी तरह की घटना में पत्थर लगने से किंजन (13 वर्ष) नाम की बच्ची घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
मौके पर कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला
पुलिस ने आसपास के इलाके में जांच और पूछताछ की, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। जांच में यह भी सामने आया कि घर के सामने खाली मैदान और पीछे तालाब है, जहां स्थानीय लोग क्रिकेट आदि खेलते हैं, जिससे पत्थर लगने की आशंका भी जताई जा रही है।
संदिग्ध लोगों की पहचान के प्रयास जारी
फिलहाल एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
