लखनऊ। राजधानी के थाना काकोरी क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, हाईवे ग्रीन सिटी मौंदा निवासी राजपाल यादव पिछले चार दिनों से अपने घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। जब वह वापस लौटे तो देखा कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है।सूचना मिलते ही थाना काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही
पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य संकलन और वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर लेकर जल्द ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है।
हसनगंज में चोरी की सूचना निकली संदिग्ध, नहीं मिले घुसपैठ के सबूत
लखनऊ के थाना हसनगंज क्षेत्र में चोरी की एक सूचना पुलिस जांच में संदिग्ध पाई गई है। जानकारी के अनुसार 19/20 दिसंबर 2025 की रात करीब 12:08 बजे कुतुबपुर निवासी अर्सलान अली ने डायल 112 पर अपने घर में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मनकामेश्वर उपनिरीक्षक शिशिर सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रवेश द्वार पर जबरन तोड़फोड़ के कोई निशान नहीं थे
पुलिस जांच में यह सामने आया कि घर के मुख्य दरवाजे, खिड़कियों या किसी अन्य प्रवेश द्वार पर जबरन तोड़फोड़ के कोई निशान नहीं थे। अलमारी और घर का अन्य सामान भी सुरक्षित स्थिति में पाया गया। इसके अलावा छत के रास्ते से किसी के आने-जाने की संभावना को भी ध्यान में रखते हुए जांच की गई, लेकिन वहां भी किसी प्रकार के प्रवेश के प्रमाण नहीं मिले।
अब तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई
पुलिस के अनुसार, सूचनाकर्ता द्वारा अब तक इस संबंध में कोई लिखित तहरीर भी थाना हसनगंज में नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही आवश्यक सत्यापन और अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं, ताकि मामले की वास्तविकता सामने लाई जा सके।
