लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में शहीद पथ पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें लोडर चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया।पुलिस के अनुसार, घटना 19/20 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:15 बजे की है, जब डायल 112 पर सूचना मिली कि पेनेशिया हॉस्पिटल के पास शहीद पथ पर एक लोडर वाहन ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी है। हादसे में लोडर का चालक केबिन में फंस गया।

पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया

सूचना मिलते ही थाना गोमतीनगर विस्तार पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। चालक को फंसा देख तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस और फायर टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए लोडर के केबिन को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।घायल चालक की पहचान विकास (24) पुत्र जीत बहादुर निवासी बस्ती के रूप में हुई है, जिसके पैर में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के बाद शहीद पथ पर यातायात बाधित हो गया

हादसे के बाद शहीद पथ पर यातायात बाधित हो गया, जिसे सुचारू करने के लिए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। गिट्टी से लदे लोडर को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई। अधिक वजन के कारण वाहन को मौके पर हटाना मुश्किल था, इसलिए उसे क्रेन के जरिए सरयू अपार्टमेंट के सामने पार्किंग क्षेत्र में खड़ा कराया गया।इसी दौरान एक बस ने पीछे से क्रेन में टक्कर मार दी, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में रास्ता साफ करा दिया गया और शहीद पथ पर यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया गया।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *