पानीपत (हरियाणा)। एक नाबालिग लड़की ने अपने पिता, उसके कारोबारी साथी (बाप-बेटे) और अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने और सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार, शादी से इनकार करने पर आरोपित ने उसे और उसकी मां को अगवा कर 12 दिनों तक बंधक बनाए रखा और दोनों के साथ लगातार दरिंदगी की।

नाबालिग होने के कारण बेटी और मां ने शादी से मना कर दिया

16 वर्षीय नाबालिग लड़की का आरोप है कि उसका पिता, जो पशुओं का व्यापारी है, अपने कारोबारी साथी सुरेंद्र के बेटे सुनील से उसकी शादी कराना चाहता था। नाबालिग होने के कारण बेटी और मां ने शादी से मना कर दिया। मां ने कहा कि नाबालिग बेटी की शादी अपराध है। इससे नाराज पिता ने अपने साथी सुरेंद्र और उसके बेटे सुनील सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोपितों ने मां-बेटी को बहला-फुसलाकर पानीपत के संजय चौक बुलाया और फिर जाटल रोड स्थित एक किराए के कमरे (जिसे सपना नामक महिला ने किराए पर लिया था) ले गए।

आरोपियों ने दोनों को चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया

वहां पहुंचते ही आरोपियों ने दोनों को चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया। पीड़िता के मुताबिक, सुनील ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया, जबकि सुरेंद्र ने उसकी मां के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित उन्हें रोहतक जिले के लाखन माजरा ले गए, जहां अन्य आराेपित दीपक, रणबीर सिंह आदि ने मिलकर 12 दिनों तक दोनों के साथ सामूहिक बलात्कार किया।एक दिन मौका पाकर मां-बेटी किसी तरह आरोपितों के चंगुल से भाग निकलीं और घर पहुंचीं। उन्होंने नानी और परिवार के अन्य सदस्यों को पूरी घटना बताई। इस बीच मुख्य आरोपित सुनील और उसके साथी नानी के घर भी पहुंचे, जहां उन्होंने मां-बेटी के साथ मारपीट की और उन्हें जबरदस्ती ले जाने की कोशिश की। इस दौरान मां के हाथों पर गहरे घाव और नाखूनों के निशान लगे। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपित फरार हो गए।

पीड़ित मां-बेटी घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचे

पीड़ित मां-बेटी घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां से वे लाेग शिकायत दर्ज कराने काे थाने पहुंची, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। कई दिन चक्कर काटने के बाद उन्होंने पानीपत के एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर थाना सेक्टर-29 में मामला दर्ज किया गया।सेक्टर-29 के थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपितों में पीड़िता का पिता, सुरेंद्र, सुनील, कमलेश, सपना, दीपक और रणबीर सिंह शामिल हैं।मुकदमे में पॉक्सो एक्ट, अपहरण, बंधक बनाने, सामूहिक दुष्कर्म और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, सभी आरोपित फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *