लखनऊ । राजधानी में इकाना स्टेडियम में 22 अप्रैल 2026 को होने वाले आईपीएल मैच को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। लखनऊ ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यह डायवर्जन दोपहर 3 बजे से मैच समाप्ति तक लागू रहेगा। मैच के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, खासकर शहीद पथ और सुल्तानपुर रोड के आसपास भारी यातायात की संभावना को देखते हुए बसों, कमर्शियल वाहनों और अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
भारी वाहन और बसों पर रोक
मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बसें, प्राइवेट बसें और सभी प्रकार के कमर्शियल वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों जैसे किसान पथ, तेलीबाग, बंगलाबाजार और बाराबिरवा चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।सुल्तानपुर रोड से आने वाले बड़े वाहन अमूल तिराहा से और कैंट की ओर से आने वाले वाहन कटाई पुल से डायवर्ट होंगे।
सिटी बसों के लिए व्यवस्था
सिटी बसों का संचालन जारी रहेगा, लेकिन वे शहीद पथ पर हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच कहीं नहीं रुकेंगी और सड़क की दाईं ओर चलेंगी।
ऑटो, ई-रिक्शा और टैक्सी पर नियम
शहीद पथ पर ऑटो और ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे
सर्विस रोड पर भी इनकी एंट्री नहीं होगी
सवारी उतारने के लिए अहिमामऊ, लूलू मॉल और पीएचक्यू के पीछे अस्थायी पिक-एंड-ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं
ओला-ऊबर जैसी टैक्सियों को भी निर्धारित स्थानों पर ही सवारी उतारने और बैठाने की अनुमति होगी
निजी वाहनों के लिए पार्किंग प्लान
जिन दर्शकों के पास पार्किंग पास होगा, वे अहिमामऊ से एचसीएल की ओर जाकर निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे। जिनके पास पास नहीं है, उन्हें पहले प्लासियो मॉल की पार्किंग में जगह दी जाएगी, उसके बाद अन्य निर्धारित स्थानों पर पार्किंग कराई जाएगी।दो पहिया वाहनों के लिए प्लासियो मॉल के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
स्टेडियम के आसपास कहीं भी अवैध पार्किंग करने पर कार्रवाई होगी
केवल टिकट धारकों को ही प्रवेश मिलेगा
एक बार बाहर निकलने पर दोबारा प्रवेश नहीं मिलेगा
सिक्का, ईयरफोन और ज्वलनशील पदार्थ स्टेडियम में प्रतिबंधित रहेंगे
मैच शुरू होने से 3 घंटे पहले प्रवेश शुरू होगा
मुख्य डायवर्जन पॉइंट
कमता तिराहा, शहीद पथ, सुल्तानपुर रोड
कानपुर रोड तिराहा, बाराबिरवा, तेलीबाग
गोसाईंगंज, उतरेठिया, हुसड़िया
लालबत्ती चौराहा और अहिमामऊ
इन सभी जगहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
इमरजेंसी सेवाओं को छूट
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी जाने की अनुमति होगी।ट्रैफिक से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 जारी किया गया है।
