होमउप्र न्यूज़झाड़फूंक के बहाने ले जाकर बेटी की हत्या, उसकी गलत हरकतों से...

झाड़फूंक के बहाने ले जाकर बेटी की हत्या, उसकी गलत हरकतों से पिता था परेशान, गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी में एक दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा हुआ है, जहां एक पिता ने अपने ही दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। लखनऊ पुलिस की क्राइम/सर्विलांस टीम और चिनहट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता ने 16 अप्रैल को खुद ही ऑनलाइन शिकायत (IGRS) देकर अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और कॉल डिटेल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जब गहराई से पूछताछ की गई तो पूरा मामला सामने आ गया।

मन्नान के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई थी

जांच में पता चला कि आरोपी पिता विजय कुमार चौबे ने अपने साथी अब्दुल मन्नान के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई थी। 13 अप्रैल को वह अपनी बेटी को झाड़फूंक के बहाने घर से लेकर निकला और उसे कार से घुमाते हुए सुनसान इलाके में ले गया।

ऐसे की हत्या

आरोपियों ने बाराबंकी जिले के बड्डूपुर क्षेत्र में रात के समय सुनसान जगह पर कार में ही नाबालिग का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया और शव को शारदा नहर में फेंक दिया।पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि वह अपनी बेटी के व्यवहार से परेशान था और उसे सामाजिक बदनामी का डर था। इसी वजह से उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

बरामदगी और कार्रवाई

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 103(1)/238/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।इस पूरे मामले का खुलासा चिनहट थाना पुलिस और पूर्वी जोन की क्राइम/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments