लखनऊ । प्रयागराज में श्री कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े पदाधिकारियों को कथित तौर पर विदेशी गैंग से धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट, मथुरा के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज और श्री कृष्ण सेना के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुधांशु सोम ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।
पहली बार धमकी भरा फोन और वॉइस मैसेज मिला
शिकायत के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:45 बजे पहली बार धमकी भरा फोन और वॉइस मैसेज मिला। इसके बाद लगातार कॉल और वॉइस एसएमएस के जरिए जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकियां दी जा रही हैं। आरोप है कि धमकी देने वाला खुद को पाकिस्तान के शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा बता रहा है और मुकदमे वापस लेने का दबाव बना रहा है।
एटीएस द्वारा पकड़े गए संदिग्ध
इसी बीच, हाल ही में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा पकड़े गए संदिग्धों में बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान का नाम सामने आने से मामले को और गंभीर माना जा रहा है।इस पूरे प्रकरण में आशुतोष ब्रह्मचारी की ओर से केंद्रीय गृह मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन, पुलिस महानिदेशक, एडीजी कानून व्यवस्था, एटीएस और पुलिस आयुक्त समेत कई अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी गई है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की
उन्होंने सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
