होम उप्र न्यूज़ यूपी से राज्यसभा की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन, भाजपा के 8...

यूपी से राज्यसभा की 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन, भाजपा के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार जीते

0
25

बसपा का राज्यसभा से प्रतिनिधित्व खत्म, राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी पहुंचे उच्च सदन; 16 अक्टूबर को होने वाला मतदान टला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ और समाजवादी पार्टी (सपा) के दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। नामांकन पत्रों की जांच में दो निर्दलीय प्रत्याशियों के पर्चे खारिज होने और नाम वापसी की समयसीमा तक किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं रहने से सभी सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हुआ। इसके साथ ही 16 अक्टूबर को प्रस्तावित मतदान की जरूरत समाप्त हो गई और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का प्रतिनिधित्व भी खत्म हो गया।

भाजपा की ओर से निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्यासागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडेय और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं। वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव और उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी ने उच्च सदन में जगह बनाई है।

निर्वाचन अधिकारी ने जारी किए प्रमाणपत्र

निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार वर्मा ने शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिकताएं पूरी कर नवनिर्वाचित सदस्यों के प्रमाणपत्र जारी किए। विधानसभा परिसर में आयोजित प्रक्रिया के दौरान भाजपा के अधिकांश उम्मीदवार स्वयं पहुंचे और प्रमाणपत्र प्राप्त किए। राधाकांत ओझा की ओर से उनके प्रतिनिधि ने प्रमाणपत्र लिया, जबकि राम गोपाल यादव की ओर से पूर्व एमएलसी राकेश यादव पहुंचे।

प्रकाश पाल ने 2027 के चुनाव को लेकर किया दावा

राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद प्रकाश पाल ने कहा कि वह पिछले 36 वर्षों से पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। अब उच्च सदन में प्रदेश और देश की जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भाजपा की आठ सीटों पर जीत को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 80 प्रतिशत सीटें जीतेगी, जबकि विपक्षी गठबंधन को 20 प्रतिशत सीटें मिलेंगी।

भाजपा की नवनिर्वाचित सांसद प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने इसे भाजपा की कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए कहा कि मेहनत और समर्पण के बल पर पार्टी में उच्च पदों तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का भरोसा भी जताया।

सपा की उच्च सदन में स्थिति मजबूत

सपा के दो उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचन से उच्च सदन में पार्टी की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। पार्टी के मौजूदा सदस्यों में राम गोपाल यादव, जावेद अली, रामजी लाल सुमन और जया बच्चन शामिल हैं। राम गोपाल यादव के दोबारा निर्वाचित होने और धनराज परिमल नथवानी के पहली बार राज्यसभा पहुंचने से सपा को उच्च सदन में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिला है।

नथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने उन पर भरोसा जताया है। वह उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े दृष्टिकोण को संसद में आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहेंगे।

राज्यसभा में बदला उत्तर प्रदेश का समीकरण

उत्तर प्रदेश से निर्वाचित मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को पूरा हो रहा है। इन 10 सीटों में पहले भाजपा के पास आठ, सपा के पास एक और बसपा के पास एक सीट थी। नए निर्वाचन के बाद भाजपा के आठ और सपा के दो उम्मीदवारों की जीत से राज्यसभा में उत्तर प्रदेश का राजनीतिक समीकरण बदल गया है। बसपा का प्रतिनिधित्व समाप्त होने के साथ ही उच्च सदन में प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर अब पहले से अलग होगी।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर