बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। बिसौली थाना क्षेत्र के मदनजुड़ी गांव के पास स्कूल वैन और बाइक की सीधी भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। जिन घरों में अपनों के लौटने का इंतजार था, वहां मातम पसर गया।
पुलिस के मुताबिक, हत्सा गांव निवासी निखिल उर्फ नितिन (19), रोहन (20), ऋषभ (18) और शिवा (18) एक ही बाइक पर सवार होकर बिसौली कस्बे में दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान मदनजुड़ी गांव के पास उनकी बाइक की स्कूल वैन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में निखिल, रोहन और ऋषभ की जान चली गई, जबकि शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अग्निवीर में चयन की खुशी मातम में बदली
इस हादसे ने शिवा के परिवार की खुशियों को भी गहरे सदमे में बदल दिया। बताया गया कि शिवा का हाल ही में अग्निवीर के लिए चयन हुआ था। परिवार और गांव में उसके भविष्य को लेकर उत्साह था, लेकिन हादसे में उसके तीन दोस्तों की मौत हो गई और वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
दो महीने पहले खरीदी थी नई बाइक
बताया गया कि बाइक रोहन चला रहा था और उसने करीब दो महीने पहले ही नई बाइक खरीदी थी। चारों दोस्त एक साथ निकले थे, लेकिन हादसे ने तीन की जिंदगी छीन ली। पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
गांव में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
निखिल, रोहन और ऋषभ की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीनों चचेरे-तहेरे भाई बताए गए हैं। उनके परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायल को बेहतर इलाज मुहैया कराने और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









