हरि नगर डीटीसी डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक निकलेगी पदयात्रा, सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक कई मार्गों पर डायवर्जन की संभावना
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रविवार, 1 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। हरि नगर डीटीसी डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक आयोजित होने वाली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक पश्चिमी दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रह सकता है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, पदयात्रा के दौरान लाजवंती चौक से तिलक नगर तक जेल रोड को दोनों दिशाओं में अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है। यातायात के दबाव और मौके की स्थिति के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा यातायात का दबाव
पदयात्रा के कारण जेल रोड पर लाजवंती चौक से तिलक नगर तक दोनों दिशाओं में यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा लाजवंती चौक फ्लाईओवर क्षेत्र, लाल साई मार्ग पर दिल्ली हाट से हरि नगर रोड तक, हरि नगर से घंटाघर और हरि नगर डीटीसी डिपो तक की सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहने की आशंका है।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।
ट्रैफिक पुलिस ने सुझाए वैकल्पिक रास्ते
एडवाइजरी के अनुसार, हरि नगर और जेल रोड से नजफगढ़ रोड होते हुए तिलक नगर की ओर जाने वाले वाहन चालक लाजवंती चौक, सागरपुर टी-प्वाइंट और पंखा रोड से होते हुए सर्विस रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
वहीं, हरि नगर और जेल रोड से नजफगढ़ रोड के रास्ते राजौरी गार्डन जाने वाले वाहन चालकों को मायापुरी रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
मेट्रो से सफर करने की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रभावित इलाकों में जाने से बचें और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन खासकर मेट्रो सेवा का इस्तेमाल करें। वाहन चालकों को सड़क किनारे गाड़ी खड़ी नहीं करने और आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखने की हिदायत दी गई है।
इसके अलावा लोगों से मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और संभावित जाम तथा देरी को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जो









