उप्र न्यूज़देश प्रदेश

गोरखपुर: राप्ती नदी में डूबने से चार किशोरों की मौत, सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद

गोरखपुर। यूपी में गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के मिर्जापुर घाट स्थित पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोरों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों द्वारा लगातार चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद सभी शव बरामद कर लिए गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नहाने गए थे पांच दोस्त, चार की गई जान

जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के रानीडीहा शिवमंदिर टोला निवासी अमन उर्फ बीरू राजभर (15), मालवीय नगर निवासी विवेक निषाद (15), जंगल सिकरी निवासी गगन पासवान (15) और रानीडीहा निवासी अनिकेत यादव (13) अपने साथी राजकरन उर्फ टाइमपास के साथ बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे साइकिल से मिर्जापुर घाट पहुंचे थे।पांचों किशोर पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने लगे। इसी दौरान चार किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। राजकरन किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया और घटना की जानकारी दी।

पुलिस और राहत टीमों का रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, ग्राम प्रधान और पुलिस मौके पर पहुंची। खोराबार और कैंट पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।मौके से चार साइकिल, कपड़े और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिससे किशोरों की पहचान में मदद मिली।

दो दिन बाद मिले सभी शव

बृहस्पतिवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया, जिसमें सबसे पहले विवेक निषाद का शव घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूरी पर मिला। इसके बाद शुक्रवार सुबह बाकी तीन किशोरों के शव भी लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बरामद कर लिए गए।पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवारों में मचा कोहराम

जैसे ही शव मिलने की खबर परिजनों तक पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई। विवेक निषाद का शव देखते ही उसकी मां बेहोश हो गई, वहीं पिता सतीश, जो ऑटो चालक हैं, फूट-फूटकर रो पड़े। आसपास मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।विवेक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और कक्षा 6 का छात्र था। परिवार के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार था और घर के कामों में भी हाथ बंटाता था।

गांव में पसरा सन्नाटा

अन्य तीन किशोरों के घरों में भी मातम का माहौल है। परिजन देर तक नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे रहे, इस उम्मीद में कि उनके बच्चे सुरक्षित लौट आएंगे, लेकिन जब शव मिले तो पूरा गांव गम में डूब गया।इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button