उप्र न्यूज़

बोर्ड परीक्षा से एक दिन पहले छात्रा ने दी जान, परिजनों में कोहराम

आगरा । आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी इलाके में बोर्ड परीक्षा से ठीक एक दिन पहले एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मां के बाजार जाने के बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया

जानकारी के अनुसार नगला बूढ़ी के तुलसी बाग क्षेत्र में रहने वाले हीरा सिंह जूता फैक्ट्री में कार्यरत हैं और परिवार सहित किराए के मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं। उनकी 15 वर्षीय बेटी शिवानी हाईस्कूल की छात्रा थी और बुधवार से शुरू हो रही उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा की तैयारी कर रही थी।परिजनों के मुताबिक दोपहर में वह घर पर थी और सामान्य व्यवहार कर रही थी। मां के बाजार जाने के बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। करीब दो घंटे बाद जब मां लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो छात्रा पंखे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।

अभी आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा का मोबाइल फोन जांच के लिए जब्त किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। परीक्षा का तनाव या कोई अन्य कारण—सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।घटना के समय जिस मकान में परिवार रहता है, वहां मकान मालिक के बेटे की शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, जिससे घर में चहल-पहल थी। ऐसे माहौल में हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button