बृजभूषण से बीजेपी,बीजेपी से बृजभूषण नहीं,योगी भाजपा की कृपा पर : पप्पू यादव

लखनऊ । यूपी के गोंडा में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार के पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन यादव) ने कैसरगंज लोकसभा सीट के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है।एक निजी समाचार एजेंसी से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह का राजनीतिक कद काफी बड़ा है।
योगी आदित्यनाथ पार्टी के सहारे आगे बढ़े
उन्होंने कहा कि बृजभूषण कभी मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे हैं तो कभी अमित शाह के नजदीक रहे हैं, लेकिन मौजूदा समय में योगी आदित्यनाथ उन्हें उचित सम्मान नहीं देते, जो गलत है। पप्पू यादव ने आगे कहा कि योगी आदित्यनाथ अपने क्षेत्र में प्रभावशाली नेता हो सकते हैं, लेकिन बृजभूषण शरण सिंह भी अपने इलाके में उतने ही मजबूत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव से मजबूत हुई है, जबकि योगी आदित्यनाथ पार्टी के सहारे आगे बढ़े हैं।
इस बयान से एक बार फिर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई
दरअसल, यह बयान उस समय सामने आया है जब बृजभूषण शरण सिंह ने बिहार में 2027 और 2029 के चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों को चेतावनी दी थी। इसी मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।पप्पू यादव के इस बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है और आने वाले चुनावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।




