होम देश प्रदेश राजस्थान में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाका, पटरी उड़ाने की आशंका

राजस्थान में रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध धमाका, पटरी उड़ाने की आशंका

0
20

श्रीगंगानगर में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल लाइन के दो सीमेंट पिलर क्षतिग्रस्त, एफएसएल टीम जांच में जुटी

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार देर रात संदिग्ध धमाके से हड़कंप मच गया। गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक के नीचे बने सीमेंट के दो पिलर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पिलरों के भीतर लगा सरिया तक बाहर निकल आया। घटना के बाद रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे ट्रैक के पास जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। जांच के दौरान पटरी के नीचे बने दो सीमेंट पिलर टूटे हुए मिले। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है।

एसपी के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पिलर किस वजह से क्षतिग्रस्त हुए। किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले की पड़ताल के लिए टीम गठित की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीमावर्ती क्षेत्र में करीब साढ़े सात किलो आरडीएक्स बरामद किया गया था। इसके बाद रेलवे ट्रैक के पास हुई इस संदिग्ध घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिलर किन परिस्थितियों में टूटे और क्या इसके पीछे किसी तरह की साजिश है। एफएसएल जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल रेलवे मार्ग की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी