होम देश प्रदेश फरीदाबाद में पार्किंग विवाद बना खूनी, पड़ोसी ने 15-16 राउंड फायरिंग कर...

फरीदाबाद में पार्किंग विवाद बना खूनी, पड़ोसी ने 15-16 राउंड फायरिंग कर की परमजीत की हत्या

0
25

जिम से लौटते समय गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद; लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां चलाने का आरोप, परिवार समेत फरार हुआ आरोपी

फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में धनतेरस की रात पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सेक्टर-21सी में एक व्यक्ति की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर 15 से 16 राउंड फायरिंग हुई। वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

मृतक की पहचान परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है। वह मूल रूप से हिसार के रहने वाले थे और सेक्टर-21सी स्थित मकान नंबर 641 की पहली मंजिल पर पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रहते थे। परमजीत एक बड़ी राष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत थे और नौकरी के सिलसिले में सिंगापुर में रह रहे थे। बताया गया कि दो दिन पहले ही वह परिवार के पास लौटे थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी होनी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के मुताबिक, वारदात वाली रात करीब आठ बजे परमजीत जिम से घर लौटे थे। इसी दौरान पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर तीसरी मंजिल पर रहने वाले पड़ोसी मोहन उर्फ मोनू शर्मा से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और परमजीत पर लगातार गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पहले से भी कई बार विवाद हो चुका था। करीब पांच दिन पहले भी आरोपी ने परमजीत के बेटे सूर्य के साथ गाली-गलौज की थी। उस दौरान गेट तोड़ने का आरोप भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि आरोपी फाइनेंस का काम करता है।

घटना की सूचना मिलने पर सूरजकुंड थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खाली कारतूसों के खोल बरामद किए और उन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वारदात के दौरान 15 से 16 राउंड फायरिंग की गई थी।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि परमजीत को कई गोलियां लगी थीं। आरोपी मोहन उर्फ मोनू शर्मा मकान की तीसरी मंजिल पर रहता है। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी तरह की एक बहस के बाद फायरिंग की घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी