प्रयागराज में टैलेंट सर्च कार्यक्रम का आयोजन, 300 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा; गायन, नृत्य और रैंप वॉक में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
प्रयागराज। मंच पर प्रतिभा का प्रदर्शन, चेहरे पर आत्मविश्वास और दिल में जरूरतमंद बच्चों की मदद का जज्बा… कुछ ऐसे ही भावों के बीच लायंस क्लब प्रयागराज प्रमिला की ओर से आयोजित ‘निर्मल 2.0’ कार्यक्रम यादगार बन गया। बाल कैंसर से पीड़ित बच्चों के उपचार के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शहर की प्रतिभाओं ने गायन, नृत्य और रैंप वॉक के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। आयोजन से प्राप्त पूरी धनराशि कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज में खर्च की जाएगी।

केजीएफ विला में आयोजित फंडरेजर टैलेंट सर्च कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों ने भागीदारी की। बच्चों से लेकर महिलाओं तक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321ई के गवर्नर लायन पीएमजेएफ उदय चंदानी रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही बाल कैंसर से जूझ रहे बच्चों के इलाज में आर्थिक सहयोग जुटाना था। इस पहल ने मनोरंजन और सामाजिक सरोकार को एक साथ जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद की नई किरण जगाई जा सकती है।

प्रतियोगिता के प्रमुख आकर्षणों में वंदना पाल ने ‘मिस प्रयागराज’, शबीना आलम ने ‘मिसेज प्रयागराज’ और नीरजा सचदेवा ने ‘गोल्डन ग्रेस’ का खिताब हासिल किया। डांसिंग प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों से अदिति सिंह, गौरी सिंह, अदिति जायसवाल और वरुणी सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिंगिंग प्रतियोगिता में शकान्या मिश्रा, अनिका कुशवाहा, वंश कुमार और प्राप्ति नाथ विजेता रहे।
रैंप वॉक प्रतियोगिता में दिविशा गुप्ता, लिबा मरियम, आध्या मनोहर और खुशी पांडे ने अपने-अपने वर्गों में पहला स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए शहर की प्रतिष्ठित हस्तियों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। रैंप शो का निर्णयन जया मिश्रा और राजश्री मिश्रा ने किया। वहीं अन्य प्रतियोगिताओं में राधा सक्सेना, मिश्र बंधु, शुभ्रा चतुर्वेदी और वर्षा अग्रवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

आयोजन को सफल बनाने में क्लब की फाउंडर लायन तृप्ति पंवार, लायन जया मनोहर, लायन आकांक्षा जायसवाल, लायन आयुषी अग्रवाल और अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लियो क्लब रेनबो के सदस्यों ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया। क्लब की अध्यक्ष लियो पार्णिका सिंह और लियो शांभवी शर्मा ने विशेष मेहनत और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
लायंस क्लब की मीडिया चेयरपर्सन लालू मित्तल ने बताया कि ‘निर्मल 2.0’ के माध्यम से जुटाई गई पूरी धनराशि बाल कैंसर पीड़ित बच्चों के उपचार में लगाई जाएगी। कार्यक्रम ने साबित किया कि प्रतिभा केवल पुरस्कार और पहचान पाने का जरिया नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम भी बन सकती है।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी









