होम उप्र न्यूज़ स्मार्ट मीटर और RDSS के विरोध में 20 सितंबर को ‘डिजिटल भारत...

स्मार्ट मीटर और RDSS के विरोध में 20 सितंबर को ‘डिजिटल भारत बंद’, भारतीय किसान सेना ने किया देशव्यापी आंदोलन का ऐलान

0
236

भारतीय किसान सेना ने देशव्यापी आंदोलन का किया ऐलान — रविन्द्र त्यागी (रब्बू भैया) ने जनता से एकजुट होने की अपील की

गाजियाबाद/नई दिल्ली।भारतीय किसान सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी (रब्बू भैया) ने स्मार्ट मीटर और RDSS (Revamped Distribution Sector Scheme) के विरोध में आगामी 20 सितंबर 2026, दिन रविवार को डिजिटल भारत बंद का आह्वान किया है।

रविन्द्र त्यागी ने कहा कि देश की जनता स्मार्ट मीटर से परेशान है।बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं द्वारा अत्यधिक एवं गलत बिजली बिल, बिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित विभिन्न समस्याओं की शिकायतें की जा रही हैं। इसके बावजूद आम जनता की शिकायतों और परेशानियों को गंभीरता से लेने के बजाय उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर बिजली विभाग द्वारा जनता को डराया-धमकाया जाता है, झूठे आश्वासन दिए जाते हैं तथा अलग-अलग तरीकों से बरगलाकर पुराने पारंपरिक मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने के लिए दबाव बनाया जाता है।नए बिजली कनेक्शन के मामलों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर उपभोक्ताओं के बीच असंतोष है।रविन्द्र त्यागी ने कहा कि बिजली देश की जनता की मूलभूत आवश्यकता है और बिजली व्यवस्था से जुड़े किसी भी बड़े बदलाव में उपभोक्ताओं की सुविधा, सहमति, पारदर्शिता और शिकायत निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

स्मार्ट मीटर से जुड़े डेटा और निजता का सवाल

भारतीय किसान सेना ने स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं के बिजली उपयोग से संबंधित डेटा के संग्रह और इस्तेमाल को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।रविन्द्र त्यागी ने कहा कि सरकार और बिजली वितरण कंपनियों को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि स्मार्ट मीटर से प्राप्त उपभोक्ता डेटा किस प्रकार एकत्र किया जाता है, कहां सुरक्षित रखा जाता है, उसका इस्तेमाल कौन करता है और क्या वह डेटा किसी यूटिलिटी कंपनी अथवा तीसरे पक्ष के साथ साझा किया जाता है।उन्होंने कहा कि जनता की निजता और व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।उपभोक्ताओं को उनके डेटा के संबंध में स्पष्ट जानकारी और पर्याप्त कानूनी सुरक्षा मिलनी चाहिए।

RDSS स्कीम को लेकर भी जवाबदेही की मांग

रविन्द्र त्यागी ने कहा कि RDSS योजना के नाम पर बिजली व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों की पूरी पारदर्शिता के साथ समीक्षा होनी चाहिए।सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस योजना का वास्तविक लाभ आम बिजली उपभोक्ता, किसान और गरीब परिवारों को किस प्रकार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ऐसी कोई भी व्यवस्था स्वीकार नहीं की जा सकती जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़े, उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़े या बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही कम हो।

अपनी समस्या का वीडियो बनाएं और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएं

रविन्द्र त्यागी ने देश के सभी बिजली उपभोक्ताओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि जिस किसी को स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्या है, वह अपनी समस्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करे और अपनी आवाज सरकार, बिजली विभाग तथा संबंधित बिजली वितरण कंपनी तक पहुंचाए।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने वीडियो में अत्यधिक या गलत बिजली बिल, मीटर से संबंधित परेशानी, बिलिंग अथवा रिचार्ज की समस्या, पुराने मीटर को हटाने के लिए बनाए गए दबाव, शिकायत का समाधान न होने अथवा स्मार्ट मीटर से जुड़ी अन्य समस्याओं को तथ्यात्मक रूप से सामने रखें।

उन्होंने जनता से अपील की कि वीडियो साझा करते समय संबंधित बिजली विभाग, बिजली वितरण कंपनी और संबंधित सरकारी विभागों को टैग करें , ताकि जनता की समस्याएं जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच सकें।रविन्द्र त्यागी ने कहा, अपनी समस्या को अपने घर की चारदीवारी तक सीमित मत रखिए। अपनी आवाज वीडियो के माध्यम से सरकार और बिजली विभाग तक पहुंचाइए। सोशल मीडिया को अपनी शिकायत और जनआवाज का माध्यम बनाइए, ताकि जनता की वास्तविक समस्याएं सामने आएं और जिम्मेदार विभागों को उनका जवाब देना पड़े।

20 सितंबर को डिजिटल भारत बंद का आह्वान

भारतीय किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने कहा कि 20 सितंबर 2026, दिन रविवार को डिजिटल भारत बंद के माध्यम से स्मार्ट मीटर और RDSS से जुड़े जनहित के मुद्दों को देशभर में मजबूती से उठाया जाएगा।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों, व्यापारिक संगठनों, मजदूर संगठनों, युवा संगठनों और आम नागरिकों से इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं है। यह देश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के अधिकार, पारदर्शिता, जवाबदेही, निजता और न्याय की लड़ाई है। मैं सभी राजनीतिक और गैर-राजनीतिक सामाजिक संगठनों का आह्वान करता हूं कि वे जनहित में एकजुट होकर 20 सितंबर के डिजिटल भारत बंद को सफल बनाएं।उन्होंने देशवासियों से अपील की कि 20 सितंबर 2026 को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से डिजिटल भारत बंद में भाग लें और स्मार्ट मीटर तथा RDSS से जुड़े मुद्दों पर सरकार से स्पष्ट जवाब और जनता के हित में आवश्यक कार्रवाई की मांग करें।

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये

यह भी पढ़े : योगी कैबिनेट के बड़े फैसले: यूपी में 250 नई इलेक्ट्रिक बसें, 2.76 लाख छात्रों के लिए खुलेगा छात्रवृत्ति पोर्ट

यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा