तेज रफ्तार अर्टिगा खड़े ट्रक में पीछे से घुसी, तीन होनहार टेनिस खिलाड़ियों की मौत; तीन गंभीर घायल, कार काटकर निकाले गए लोग
सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के रफ्तार का कहर देखने को मिला। बल्दीराय थाना क्षेत्र में सुखबडेरी के पास माइलस्टोन 97.500 पर तेज रफ्तार अर्टिगा कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। हादसे में देवरिया के रहने वाले तीन युवा टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार
हादसा बुधवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में चालक को अचानक नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सुरक्षा में तैनात यूपीडा कर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कार का गेट बुरी तरह फंस गया था, जिसे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
एक-एक कर सामने आई तीन मौतों की खबर
हादसे में घायल सभी छह लोगों को एंबुलेंस की मदद से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन युवाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवा टेनिस के होनहार खिलाड़ी थे। एक साथ तीन खिलाड़ियों की मौत की खबर मिलते ही देवरिया में उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घरों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
तीन जिंदगी मौत से जूझ रहीं
हादसे में आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल निवासी जयंतो शर्मा (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं।
बल्दीराय के क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि सभी कार सवार लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायल हैं। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
झपकी बनी हादसे की वजह?
पुलिस और यूपीडा अधिकारियों की शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
सुलतानपुर में हुए इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने तीनों मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने घायलों को समुचित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तड़के हुए इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक की नींद और तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन युवा खिलाड़ियों की असमय मौत ने उनके परिवारों के साथ खेल जगत को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









