वाराणसी में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी राज विश्वकर्मा के पैर में लगी गोली, असलहा तस्करी के दो संदिग्धों ने सिपाहियों पर की थी फायरिंग, एक साथी फरार
वाराणसी। सिपाही पर जानलेवा हमला कर फरार हुए असलहा तस्कर को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात लंका थाना क्षेत्र के रमना लौटूबीर इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम लंका थाने की क्राइम टीम को सूचना मिली थी कि अवैध असलहों की तस्करी और बिक्री से जुड़े कुछ संदिग्ध नरिया तिराहे के पास आशुतोष नगर कॉलोनी में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस के चार सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों को देखते ही बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। पेट, पीठ और हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सिपाही को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाही का हाल जाना। अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के वर्करगंज के रहने वाले हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
डीसीपी काशी जोन गौरव बसंवाल के मुताबिक, पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई। पुलिस ने पीछा करते हुए घेराबंदी की तो बदमाशों ने दोबारा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।मुठभेड़ के दौरान उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने घायल आरोपी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









