होम उप्र न्यूज़ अमरोहा में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार दो दोस्तों की...

अमरोहा में तेज रफ्तार थार का कहर, बाइक सवार दो दोस्तों की मौत

0
23

बिजनौर मार्ग पर हुआ भीषण हादसा, आक्रोशित परिजनों ने कोतवाली में किया हंगामा; पुलिस ने थार बरामद की

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार शाम हुए इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रशांत और राजीव के रूप में हुई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया। वहीं, आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजनौर मार्ग पर हुआ। प्रशांत और राजीव बाइक से नौगावां सादात की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा

दोनों युवकों की मौत से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग नगर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने थार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। मृतक प्रशांत के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और स्थानीय लोगों को समझाया तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थार गाड़ी पुलिस ने की बरामद

एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मंगलवार शाम अमरोहा नगर सीमा के पास नौगावां सादात थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थार ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी थी। परिजनों के बयान के आधार पर तत्काल शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल से थार गाड़ी बरामद कर ली गई है। दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी