सर्राफा कारोबारी से लूट के मामले में तलाश रही थी पुलिस, मैनपुरी निवासी वीरेंद्र पर दर्ज थे 53 मुकदमे; मुठभेड़ के दौरान साथी फरार
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मंगलवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। गोलीबारी में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश वीरेंद्र मारा गया, जबकि उसकी गोली लगने से सिपाही सत्यपाल घायल हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी भागने में सफल रहा। उसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. इलामरन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचे और घायल सिपाही का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सिपाही का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घेराबंदी के दौरान हुई गोलीबारी
एसएसपी के अनुसार, पिलुआ थाना क्षेत्र में कोतवाली और पिलुआ पुलिस की संयुक्त टीम बाइक सवार बदमाश की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस का उससे सामना हो गया। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मैनपुरी निवासी वीरेंद्र के रूप में हुई है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में सिपाही सत्यपाल भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सर्राफा कारोबारी से लूट के बाद तलाश में थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर को एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी के साथ लूट की वारदात हुई थी। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर कारोबारी से सोने और चांदी के सामान की लूट की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस की मदद से भी संदिग्धों का पता लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस को वीरेंद्र के शामिल होने का पता चला। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार रात उसकी लोकेशन पिलुआ थाना क्षेत्र में मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान मुठभेड़ हो गई। पुलिस अब फरार साथी की तलाश के साथ लूट की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कई जिलों में दर्ज थे 53 मुकदमे
एसएसपी डॉ. इलामरन ने बताया कि वीरेंद्र के खिलाफ एटा, इटावा और फिरोजाबाद समेत कई जिलों के थानों में डकैती, हत्या सहित 53 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, वह इसी महीने की 17 तारीख को जेल से छूटकर बाहर आया था। इसके कुछ ही दिनों बाद 22 अक्टूबर को सर्राफा कारोबारी से लूट की घटना सामने आई।पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक उन्नाव जिले से चोरी की गई थी। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









