होम उप्र न्यूज़ यूपी एमएलसी चुनाव में कई जगह हंगामा, भाजपा-सपा समर्थकों में नोकझोंक

यूपी एमएलसी चुनाव में कई जगह हंगामा, भाजपा-सपा समर्थकों में नोकझोंक

0
32

नोएडा में बस्ता लगाने को लेकर विवाद, गोरखपुर में सपा प्रत्याशी के बयान पर आपत्ति; मुजफ्फरनगर में भी भिड़े कार्यकर्ता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान के बीच प्रदेश के कई जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं एवं समर्थकों के बीच नोकझोंक की घटनाएं सामने आई हैं। नोएडा, गोरखपुर और मुजफ्फरनगर में अलग-अलग मामलों में दोनों दलों से जुड़े लोगों के बीच विवाद की सूचना मिली। वहीं, दोपहर 12 बजे तक लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न जिलों में मतदान जारी रहा।

नोएडा में चुनावी बस्ता लगाने को लेकर विवाद

नोएडा के थाना फेस-2 क्षेत्र स्थित पंचशील इंटर कॉलेज में एमएलसी चुनाव के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई। बताया गया कि चुनाव में अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में बस्ता लगाने को लेकर दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। मामले की जानकारी मिलने के बाद एडीसीपी समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य कराने का प्रयास किया गया।

गोरखपुर में सपा प्रत्याशी के बयान पर आपत्ति

गोरखपुर में सपा प्रत्याशी डॉ. संजय त्रिपाठी और भाजपा मंडल प्रभारी आशीष गुप्ता के बीच नोकझोंक का मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, मतदान केंद्र परिसर में सपा प्रत्याशी के मीडिया को बाइट देने पर आशीष गुप्ता ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

मुजफ्फरनगर के डीएवी कॉलेज में भी भिड़े समर्थक

मुजफ्फरनगर में भी एमएलसी चुनाव के दौरान भाजपा और समाजवादी पार्टी के समर्थकों के बीच विवाद की सूचना मिली है। बताया गया कि डीएवी कॉलेज में मतदान के दौरान दोनों दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए। हालांकि, इस घटना के कारणों और पुलिस की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।

दोपहर 12 बजे तक मतदान की स्थिति

विधान परिषद चुनाव में पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 सीटों के लिए मतदान कराया जा रहा है। चुनाव में 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेशभर में 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं और 152 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक निर्धारित है।

दोपहर 12 बजे तक लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत खीरी में 18.71 प्रतिशत, हरदोई में 15.81 प्रतिशत, सीतापुर में 14.06 प्रतिशत, लखनऊ में 17.48 प्रतिशत, बाराबंकी में 14.56 प्रतिशत, रायबरेली में 15.47 प्रतिशत और प्रतापगढ़ में 10.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

वहीं, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में खीरी में 33.93 प्रतिशत, हरदोई में 25.50 प्रतिशत, सीतापुर में 16.28 प्रतिशत, लखनऊ में 18.90 प्रतिशत, बाराबंकी में 23.20 प्रतिशत, रायबरेली में 30.38 प्रतिशत और प्रतापगढ़ में 18.15 प्रतिशत मतदान हुआ।चुनाव के दौरान विभिन्न स्थानों पर विवाद की घटनाओं के बीच मतदान प्रक्रिया जारी रही।

यह भी पढ़े : नमक में आयोडीन की कमी पड़ सकती है भारी, जानें क्यों जरूरी

यह भी पढ़े : बच्चों के लिए जानलेवा हो सकता है खसरा, WHO ने दी चेतावनी

यह भी पढ़े : पैरा एशियन गेम्स में भारत का जलवा, तीरंदाजी में गोल्ड- सिल्वर समेत कई पदक

यह भी पढ़े : शिवा शर्मा केस में बड़ा खुलासा! 2200 किलोमीटर तक पुलिस को छकाती रही श्रद्धा दुबे, नेपाल से नागपुर तक बदलती रही ठिकाने

यह भी पढ़े : मेरठ सांप कांड में खौफनाक साजिश का अंत! पति की हत्या कर सांप से कटवाया, पत्नी और प्रेमी को फांसी