होम उप्र न्यूज़ कानपुर में 2.95 करोड़ का कोडीन सिरप बरामद, तस्करी का आरोपी गिरफ्तार

कानपुर में 2.95 करोड़ का कोडीन सिरप बरामद, तस्करी का आरोपी गिरफ्तार

0
21

एएनटीएफ ने गोदाम से जब्त कीं 25 हजार बोतलें, फर्जी बिल्टी के जरिए वाराणसी और प्रयागराज में सप्लाई करने का खुलासा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) यूनिट कानपुर ने अवैध कोडीन युक्त सिरप की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 25 हजार बोतलें यानी कुल 2,500 लीटर टर्बो-टी कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया है। जब्त सिरप की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 95 लाख रुपये बताई गई है। मौके से एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। मामले में बाबूपुरवा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एएनटीएफ के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध और पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के मार्गदर्शन व निर्देशन में की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिहिर कुमार ठाकुर पुत्र जय कृष्ण ठाकुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के मगरपट्टी गांव का निवासी है और वर्तमान में कानपुर के बर्रा स्थित बिहारी पुरवा, डीपीएस के पास रह रहा था।

ढकनापुरवा स्थित गोदाम से पकड़ा गया सिरप

पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ यूनिट ने 8 अक्टूबर 2026 को कानपुर नगर के टीपी नगर क्षेत्र के ढकनापुरवा में मकान संख्या 133/385, सी-1 में बने गोदाम पर कार्रवाई की। यहां से 25 हजार बोतल अवैध कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया। बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में थाना बाबूपुरवा, पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर में मुकदमा अपराध संख्या 260/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8/21/25 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

फर्जी बिल्टी बनाकर मंगाते थे सिरप

एएनटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि कोडीन युक्त सिरप की खेप दिल्ली स्थित NOVOTRIX LIFESCIENCES नाम की फर्म से मंगाई जाती थी। आरोपी के अनुसार, फर्जी दस्तावेज और बिल्टी तैयार कर परिवहन के माध्यम से सिरप मंगाया जाता था। इसके बाद इसे वाराणसी और प्रयागराज जैसे जिलों में सप्लाई किया जाता था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि सिरप की खेप वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र के कोटवा स्थित हनुमान ट्रेडर्स के नाम पर भेजी जानी थी। पुलिस के मुताबिक, यह माल दिल्ली की फर्म से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से मंगाया गया था।

प्रयागराज में कुछ माल पकड़े जाने के बाद गोदाम में रखा था सिरप

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि इससे पहले सिरप की कुछ खेप प्रयागराज में पकड़ी गई थी। इसके बाद बचा हुआ माल राजधानी इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट लिमिटेड, कानपुर के माध्यम से वाराणसी भेजा जाना था। आरोप है कि आरोपी ने इस खेप को ट्रांसपोर्ट से उठवाकर कानपुर के गोदाम में रखवा दिया था।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि मौका मिलने पर सिरप को बेचने या दूसरी जगह भेजने की योजना थी। हालांकि, सप्लाई किए जाने से पहले ही एएनटीएफ ने कार्रवाई कर माल बरामद कर लिया।

अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच

एएनटीएफ के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के दौरान तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। जांच एजेंसी अब इस मामले में आगे और पीछे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सिरप की आपूर्ति करने वाली फर्म, परिवहन के माध्यम और कथित तौर पर इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप की बरामदगी के बाद एएनटीएफ पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर