मड़ियांव पुलिस और सर्विलांस टीम ने बहराइच से बच्चे को सकुशल बरामद किया, आरोपी ने महिला को दी थी धमकी
लखनऊ। राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद शादी का दबाव बनाकर 11 वर्षीय बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से अजय यादव से जान-पहचान हुई थी। आरोपी उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। जब महिला ने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने फोन पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और उसके 11 वर्षीय बेटे का अपहरण कर लिया। महिला ने आशंका जताई कि आरोपी उसके बेटे को नुकसान पहुंचा सकता है।
शिकायत के आधार पर मड़ियांव थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद मड़ियांव थाना पुलिस और डीसीपी उत्तरी की सर्विलांस/क्राइम टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से महज छह घंटे के भीतर बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र स्थित चुलम्भा गांव से 11 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से आरोपी अजय यादव उर्फ छन्नू लाल यादव (25) निवासी बहराइच को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला पर शादी का दबाव बना रहा था और इनकार करने पर उसने बदला लेने की नीयत से बच्चे का अपहरण किया था।पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों से जुटाई जा रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरी कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए की गई।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









