होम उप्र न्यूज़ प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से दहशत: मूकबधिर दंपती समेत तीन की निर्मम...

प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से दहशत: मूकबधिर दंपती समेत तीन की निर्मम हत्या

0
39

खून से लथपथ मिले शव, कमरे से शराब की बोतलें बरामद

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार सुबह ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ीकला मोहल्ले में एक किराये के कमरे के भीतर मूकबधिर दंपती समेत तीन लोगों के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। मृतकों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।

किराये के कमरे में रह रहे थे मूकबधिर दंपति

पुलिस के अनुसार, गढ़ीकला मोहल्ले में सुशीला देवी के मकान की पहली मंजिल पर एक मूकबधिर दंपती पिछले करीब छह महीने से किराये पर रह रहा था। मंगलवार सुबह कमरे का दरवाजा आधा खुला देखकर मकान मालकिन को शक हुआ। उन्होंने पड़ोसियों से अंदर देखने को कहा। जैसे ही लोगों ने कमरे में झांका, अंदर बिस्तर पर तीनों के खून से सने शव पड़े मिले। इसके बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही शाहगंज थाना पुलिस, खुल्दाबाद थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शुरुआती जांच में पुरुष के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले

डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि किराये के कमरे में एक पुरुष और दो महिलाओं के शव मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों मूकबधिर थे। मृतकों की अब तक औपचारिक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। मृतकों में एक महिला की उम्र लगभग 45 वर्ष, दूसरी महिला की उम्र करीब 33 वर्ष और पुरुष की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।पुलिस की शुरुआती जांच में पुरुष के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जबकि दोनों महिलाओं के शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले। कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला हिंसक हो गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।

सोमवार को एक महिला दंपती से मिलने आई थी

मकान मालकिन सुशीला देवी ने पुलिस को बताया कि सोमवार को एक महिला दंपती से मिलने आई थी। उन्होंने उसे पहले कभी नहीं देखा था। रिश्तेदार समझकर किसी ने उससे पूछताछ नहीं की। रात करीब 11 बजे वह सोने चली गईं। मंगलवार सुबह दरवाजा खुला देखकर घटना का पता चला।मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार ऋषि सिंह ने बताया कि रात में किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी थी। उन्हें लगा कि शायद किसी ने सिलेंडर गिरा दिया होगा, इसलिए उन्होंने ध्यान नहीं दिया। सुबह पता चला कि नीचे वाले कमरे में तीन लोगों की हत्या हो चुकी है।

कबाड़ बीनकर गुजारा करते थे

स्थानीय कबाड़ कारोबारी श्यामलाल ने बताया कि वह मृतक दंपती को करीब 20 वर्षों से जानता था। दोनों खुद को कोलकाता का रहने वाला बताते थे और कबाड़ बीनकर गुजारा करते थे। करीब ढाई साल पहले भी वे इसी मकान में रह चुके थे और छह महीने पहले दोबारा यहां किराये पर रहने आए थे। श्यामलाल के अनुसार, दंपती का किसी से कोई विवाद नहीं था। तीसरी महिला भी कभी-कभी उनके साथ कबाड़ बेचने आती थी। उसने बताया कि वह शराब पीने की आदी थी और घटना से एक दिन पहले भी नशे की हालत में दिखाई दी थी।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही

सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) रवि गुप्ता ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मकान मालकिन के बेटे से भी पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद में हुई हिंसा का प्रतीत होता है, लेकिन हत्या के पीछे किसी अन्य साजिश या आपराधिक कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मृतकों की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू

यह भी पढ़े : बंगाल में पुलिस भर्ती का बड़ा ऐलान, 1 लाख नए जवानों की होगी भर्ती, दुर्गापूजा से पहले 14 हजार को मिलेगी तैनाती

यह भी पढ़े : दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी: 17 लाख महिलाओं को हर महीने ₹2,500, 1 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?

यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR

यह भी पढ़े : राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारत का दमदार प्रदर्शन, एक गोल्ड, तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज से ग्लासगो में गूंजा तिरंगा