पहली बार गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के निजामाबाद (आजमगढ़) से विधायक आलम बदी के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया जाएगा। सदन उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
मानसून सत्र की शुरुआत एक नए अध्याय के साथ होगी
इस बार मानसून सत्र की शुरुआत एक नए अध्याय के साथ होगी। पहली बार विधानसभा में ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण गायन किया जाएगा। इसे लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से चलाने पर सहमति जताई। हालांकि, संसद की तरह यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र के भी हंगामेदार रहने के आसार हैं।
मंगलवार को आएगा अनुपूरक बजट
मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें अनुपूरक बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद वित्त मंत्री सदन में अनुपूरक बजट पेश करेंगे और अन्य आवश्यक विधायी कार्य भी संपन्न होंगे।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगा विपक्ष
विपक्ष राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज, शिक्षक भर्ती, एक्सप्रेसवे निर्माण में कथित अनियमितताओं सहित कई जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना चुका है। वहीं, सत्तापक्ष भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए पूरी तैयारी में है।
बजट पर चर्चा के बाद सत्र होगा समाप्त
बुधवार और बृहस्पतिवार को अनुपूरक बजट पर चर्चा के साथ विभिन्न विधायी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके बाद मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









