मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी डिफेंस एंक्लेव मंगलवार शाम गोलियों की आवाज से दहल उठी। हिस्ट्रीशीटर आदित्य प्रधान (22) ने 12वीं की छात्रा अनुष्का (19) को कथित तौर पर तीन गोलियां मार दीं और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छात्रा को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
आदित्य प्रधान आईटीआई से इलेक्ट्रिकल्स की पढ़ाई कर चुका था
पुलिस के अनुसार, शिवलोकपुरी निवासी आदित्य प्रधान आईटीआई से इलेक्ट्रिकल्स की पढ़ाई कर चुका था और उसके खिलाफ जानलेवा हमला व हथियार तस्करी सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। वह कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था और करीब 10 दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आदित्य और अनुष्का एक-दूसरे को लगभग तीन वर्षों से जानते थे। जेल से रिहा होने के बाद आदित्य लगातार छात्रा से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छात्रा ने उससे बात करने से इनकार कर दिया था। मंगलवार को उसने छात्रा को डिफेंस एंक्लेव स्थित जोनल पार्क के पास मिलने के लिए बुलाया। छात्रा स्कूटी से और युवक बाइक से वहां पहुंचे।
पहले हुआ विवाद फिर मारी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक कहासुनी हुई। इसके बाद आदित्य ने अवैध पिस्टल निकालकर छात्रा पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही छात्रा सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी दो गोलियां मार लीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही डायल-112 और कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से पांच खोखे, दो पिस्टल और दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है, जिसमें दोनों के बीच घटना से पहले बहस होती दिखाई दे रही है।एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। एहतियात के तौर पर दोनों के घरों के आसपास पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









