संजीव सिंह, बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक नवविवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की गहन जांच और जुटाए गए साक्ष्यों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पहले एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था
पुलिस अधीक्षक Omveer Singh ने शुक्रवार देर शाम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शिवपुर दियर क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। शव की पहचान बाद में प्रीति प्रजापति के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।जांच में पता चला कि प्रीति प्रजापति की शादी 6 मार्च 2025 को रेवती क्षेत्र निवासी चुन्नीलाल प्रजापति से हुई थी। परिजनों का आरोप था कि शादी के बाद से ही प्रीति को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी बीच पुलिस को पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने की भी जानकारी मिली, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।
प्रीति को घूमने के बहाने घर से बाहर बुलाया
पुलिस के अनुसार, 22 मई को चुन्नीलाल की महिला मित्र शोभा चौरसिया ने योजनाबद्ध तरीके से प्रीति को घूमने के बहाने घर से बाहर बुलाया। दोनों ई-रिक्शा से बयासी पुल क्षेत्र की ओर गए। रास्ते में प्रीति को पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह अचेत हो गई।इसके बाद पहले से तय योजना के तहत चुन्नीलाल वहां पहुंचा। दोनों आरोपियों ने बेहोश प्रीति को बाइक पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर पहुंचाया। वहां चुन्नीलाल ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र
आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए नया खेल खेला
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए नया खेल खेला। उन्होंने प्रीति के अचानक लापता होने की बात फैलानी शुरू कर दी। दो दिन बाद चुन्नीलाल ने पुलिस थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।हालांकि पुलिस को मामले में कई संदिग्ध तथ्य मिले। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने जब जांच को आगे बढ़ाया तो पूरी साजिश सामने आ गई। इसके बाद चुन्नीलाल और शोभा चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गई
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के आभूषण, चूड़ियां, ब्लाउज, पर्स और नकदी भी बरामद की है। मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई गई हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला प्रेम संबंध, दहेज प्रताड़ना और सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका तो नहीं थी।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम


