बुलंदशहर। यूपी बुलंदशहर के एक घर में कुछ दिन पहले तक खुशियों का माहौल था। 14 दिन पहले ही एक मासूम ने जन्म लिया था। परिवार में किलकारियां गूंज रही थीं, बकरीद की तैयारियां चल रही थीं और हर कोई नए मेहमान के स्वागत में खुश था। लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इसी घर में कुछ दिनों बाद ऐसा खूनी खेल होगा, जो पूरे परिवार को तबाह कर देगा।
पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध से था नाराज
खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में रविवार को जो हुआ, उसने रिश्तों, भरोसे और परिवार की परिभाषा को ही सवालों के घेरे में ला दिया। बेटे ने अपने ही पिता और पत्नी को गोलियों से भून दिया। वजह बनी वो कहानी, जो लंबे समय से घर की दीवारों में सुलग रही थी।आरोपी मुबीन उर्फ मोमिन को शक था कि उसके पिता रियाजुद्दीन और उसकी पत्नी सना के बीच अवैध संबंध हैं। यह शक धीरे-धीरे उसके भीतर जहर बनता गया। पुलिस जांच में सामने आया कि निकाह के कुछ महीने बाद ही पति-पत्नी के रिश्तों में दरार पड़ने लगी थी। इसी बीच ससुर और बहू के बीच बढ़ती नजदीकियों ने पूरे परिवार को अंदर से तोड़ दिया।
हर नया मैसेज उसके गुस्से को और भड़काता था
बताया जा रहा है कि मुबीन ने पत्नी के मोबाइल का व्हाट्सएप अपने लैपटॉप से जोड़ रखा था। वह दोनों के बीच होने वाली चैट और वॉयस मैसेज पढ़ता रहता था। हर नया मैसेज उसके गुस्से को और भड़काता था। घर में आए दिन झगड़े होने लगे। मां किस्वर ने भी कई बार परिवार को टूटने से बचाने की कोशिश की, लेकिन हालात हाथ से निकलते चले गए।रविवार को मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के बीच पंचायत बैठी। सना के मायके वाले भी पहुंचे। सबने समझाने की कोशिश की कि परिवार बचा लिया जाए, लेकिन शायद तकदीर को कुछ और मंजूर था।
गोलियों की आवाज सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई
पंचायत खत्म हुई, रिश्तेदार लौट गए, लेकिन घर के भीतर गुस्से की आग बुझी नहीं। कुछ देर बाद फिर बहस शुरू हुई। आरोप है कि इसी दौरान मुबीन ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और पहले पिता रियाजुद्दीन के सीने में गोली उतार दी। इसके बाद पत्नी सना को भी गोली मार दी।गोलियों की आवाज सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग दौड़े, लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। रियाजुद्दीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सना को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन वह भी जिंदगी की जंग हार गई।
घर में किलकारी की जगह मातम पसरा
सबसे दर्दनाक तस्वीर उस 14 दिन के मासूम अब्बास की है, जिसने अभी ठीक से आंखें खोलना भी नहीं सीखा था। जन्म के दो हफ्ते बाद ही उसकी मां हमेशा के लिए चली गई और पिता जेल पहुंच गया। घर में जहां कुछ दिन पहले बच्चे की किलकारी गूंज रही थी, अब वहां मातम पसरा है।घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा है। लोग एक-दूसरे से सिर्फ यही पूछ रहे हैं कि आखिर रिश्ते इतने कमजोर कैसे हो गए कि एक बेटे ने अपने पिता और पत्नी की जान ले ली।पुलिस ने आरोपी मुबीन को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


