नई दिल्ली । देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने आम लोगों की जेब पर बड़ा असर डाला है। सोमवार को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतें बढ़ाई गई हैं। लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी, मध्यम वर्ग और रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोग परेशान हैं।
दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपये के पार, डीजल 95 रुपये पहुंचा
नई दरों के बाद Delhi में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं Kolkata में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। Mumbai में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि Chennai में पेट्रोल 107.77 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।इससे पहले शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल के दाम में 87 से 91 पैसे तक की बढ़ोतरी हुई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों के चलते बीते 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल करीब 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।
बढ़ सकती हैं रोजमर्रा की चीजों की कीमतें
विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, रुपये की कमजोरी और आयात लागत बढ़ने से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है। इसके अलावा रिफाइनिंग मार्जिन में बदलाव का असर भी सीधे ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है। लंबे समय तक कीमतें स्थिर रखने के बाद अब तेल कंपनियां धीरे-धीरे बढ़ी लागत का बोझ उपभोक्ताओं पर डाल रही हैं।डीजल की कीमत बढ़ने से सबसे ज्यादा असर ट्रांसपोर्ट और माल ढुलाई पर पड़ता है। ऐसे में आने वाले दिनों में फल-सब्जी, राशन और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। महंगाई के इस नए झटके ने आम जनता की चिंता और बढ़ा दी है।


