होमउप्र न्यूज़यूपी में आंधी-बारिश का कहर: 28 लोगों की मौत, कई जिलों में...

यूपी में आंधी-बारिश का कहर: 28 लोगों की मौत, कई जिलों में तबाही, सीएम योगी ने दिए राहत के निर्देश

लखनऊ। कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली ने प्रदेश के अनेक जिलों में व्यापक नुकसान पहुंचाया। मौसम के इस प्रकोप में 28 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। जगह-जगह पेड़ उखड़ गए, मकानों को नुकसान पहुंचा और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।सबसे अधिक असर बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में देखने को मिला।

पहाड़ी इलाकों से आए तेज जलप्रवाह ने भी तबाही मचाई

आकाशीय बिजली और आंधी से जुड़े हादसों में बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, कौशांबी, देवरिया, रायबरेली, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, बलिया और भदोही समेत कई जिलों में लोगों की मौत हुई। सहारनपुर के शाकंभरी देवी क्षेत्र में पहाड़ी इलाकों से आए तेज जलप्रवाह ने भी तबाही मचाई, जिसमें दो महिलाओं की जान चली गई।मौसम खराब होने से कई स्थानों पर कच्चे मकानों की दीवारें ढह गईं और टिनशेड उड़ गए। तेज हवाओं के कारण सैकड़ों पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई जिलों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक नुकसान की खबरें सामने आई हैं।

कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई

बारिश ने जहां तबाही मचाई, वहीं लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी दिलाई। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मिर्जापुर, अयोध्या, प्रयागराज, उन्नाव और सिद्धार्थनगर में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर सबसे अधिक प्रभावित जिलों में शामिल रहा। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।खराब मौसम का असर रेलवे सेवाओं पर भी पड़ा। कानपुर-उरई रेलखंड पर तेज आंधी के कारण ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। गोरखपुर क्षेत्र में भी रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से कई ट्रेनें रास्ते में फंस गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सीएम ने सभी डीएम को अलर्ट रहने के दिये निर्देश

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने, घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही फसलों, मकानों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़े : स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्त हुए मुख्यमंत्री योगी, बोले- आम आदमी को दिखना चाहिए सुधार का असर

यह भी पढ़े : 14 दिन पहले घर में गूंजी थी बच्चे की किलकारी, अब पसरा है मातम, पिता और पत्नी को गोलियों से भूनने की कहानी ने दहला दिया बुलंदशहर

यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम

यह भी पढ़े : हर ब्लॉक में लगेगी जनता दरबार जैसी चौपाल, सड़क पर नमाज और सार्वजनिक कुर्बानी पर सख्त रोक

यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र

RELATED ARTICLES

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Most Popular

Recent Comments