लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी लखनऊ स्थित विधान भवन परिसर में मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
चौधरी चरण सिंह देश के महान नेता और किसानों की आवाज थे
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह देश के महान नेता और किसानों की आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गांव, गरीब और किसानों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना था कि भारत की वास्तविक प्रगति गांवों और कृषि व्यवस्था को मजबूत किए बिना संभव नहीं है।उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने कृषि, राजस्व और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए, जिनका लाभ आज भी किसानों को मिल रहा है। किसानों को सरकार की प्राथमिकता में शामिल करने की सोच उनके नेतृत्व की बड़ी पहचान थी।
उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और समाज के प्रति उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार भी उनकी स्मृतियों को सहेजने और किसानों के हितों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में लखनऊ में चौधरी चरण सिंह सीड पार्क जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्प विकसित किए जा रहे हैं।इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राज्यमंत्री केपी मलिक, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल सहित कई विधायक और विधान परिषद सदस्य शामिल हुए।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


