प्रयागराज । उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रयागराज समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ घंटों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना
आईएमडी लखनऊ केंद्र द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, भदोही, गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, मऊ और देवरिया समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। कई इलाकों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं मौसम विज्ञान प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। खासतौर पर कच्चे मकानों और खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय सतर्क रहने को कहा गया है।प्रयागराज जिला प्रशासन ने भी संभावित खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


