अमेठी । यूपी के अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेरी लोकीपुर गांव के पास हुआ, जहां प्याज से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दो मोटरसाइकिलों पर पलट गया।
ट्रक गौरीगंज से सुल्तानपुर की ओर जा रहा था
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक गौरीगंज से सुल्तानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने सामने चल रही बाइक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रक सड़क किनारे चल रही दो बाइकों पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।घटना की सूचना मिलते ही मुंशीगंज पुलिस, सीओ गौरीगंज अखिलेश कुमार वर्मा और सीओ तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे।
ट्रक के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर ट्रक के नीचे दबे युवकों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।हादसे में प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के गाजीपुर गांव निवासी 16 वर्षीय प्रिंस वर्मा और 25 वर्षीय सनी कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुल्तानपुर निवासी राजू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अजीत वर्मा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। रात में ही जेसीबी और हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


