लखनऊ । बांदा में बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव से मौरंग भरकर जा रहे ओवरलोड ट्राला ने पहले साइकिल से घर लौट रहे सेवानिवृत्त शिक्षक को कुचल दिया। इसके बाद भागने के दौरान ट्राला ने सामने से आ रहे सवारियों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्राला ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी
जानकारी के अनुसार बिसंडा थाना क्षेत्र के घूरी गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामेश्वर प्रसाद (62) बीआरसी बिसंडा से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे नहर पुल के पास तेज रफ्तार ओवरलोड ट्राला ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि शिक्षक ट्राला के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने जब ट्राला का पीछा किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। करीब दो किलोमीटर आगे ओरन रोड स्थित नाथू तालाब के पास ट्राला ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
सभी घायलों को पहले बिसंडा पीएचसी पहुंचाया गया
टक्कर के बाद ई-रिक्शा उछलकर खंती में जा गिरा और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में ई-रिक्शा सवार मुबीन (40), शहबाज (10), ममता (48) और चालक राकेश (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सोहनलाल, उनकी पत्नी बौरी, बेटी शिवकली, शबाना और उसकी तीन माह की मासूम बेटी साफिया गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले बिसंडा पीएचसी पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने बिसंडा-बांदा मार्ग पर जाम लगा दिया
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिसंडा-बांदा मार्ग पर जाम लगा दिया और मुआवजे व भारी वाहनों की नो-एंट्री की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी माया शंकर और अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने लोगों को समझाकर करीब दो घंटे बाद जाम खुलवाया।अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हैं। ट्राला चालक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


