गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित बालपुर जाट गांव के पास देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में मीरा देवी (65) की मौत हो गई।आटो टैंपो व डीसीएम वाहन की टक्कर में उनका दाहिना हाथ कट गया था।इस घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।घायलों में 35 वर्षीय प्रसूता सविता, आशा बहु पुष्पा सिंह और 60 वर्षीय देवी दयाल तिवारी शामिल हैं।इन सभी घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है,जहाँ सभी घायलों का उपचार चल रहा है।
मंगलवार देर शाम सविता ने एक बच्ची को जन्म दिया था
बताते चलें कि जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर अमरहा के सिकिहा गांव निवासी अर्जुन तिवारी ने अपनी पत्नी सविता तिवारी को प्रसव के सोमवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ मंगलवार देर शाम सविता ने एक बच्ची को जन्म दिया था।हालांकि खून की कमी के कारण नवजात की हालत बिगड़ गई और मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई।इसके बाद परिवार के सदस्य नवजात के शव के साथ एक आटो टैंपो से अपने घर लौट रहे थे कि रास्ते में नशे धुत्त आटो चालक मोहम्मद उस्मान उर्फ करिया ने डीसीएम वाहन में बगल से टक्कर मार दिया।टक्कर के कारण डीसीएम की साइड में बैठी मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो कर सड़क पर गिर गई।इस हादसे में उनका दाहिना हाथ पूरी तरह से कट कर अलग हो गया।
हादसे के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को उठाया
इस हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।हादसे के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को उठाया और एंबुलेंस बुलाया।इस दौरान लगभग आधे घंटे तक मीरा देवी सड़क पर तड़पती रहीं,इसके बाद एंबुलेंस पहुंचीं और एंबुलेंस से सभी घायलों को जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज ले जाया गया,जहाँ से मीरा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रिफर कर दिया गया और लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही मीरा देवी की मौत हो गई।मामले में देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आटो चालक ने डीसीएम में साइड टक्कर मारा था, जिसमें मीरा देवी का दाहिना हाथ कट और उनकी मौत हो गई।उन्होंने बताया कि अन्य घायलों का मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है तथा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े : पेट्रोल-डीजल ने फिर दिया महंगाई का झटका, 10 दिन में चौथी बार बढ़े दाम
यह भी पढ़े : 2027 चुनाव मिशन में जुटी बसपा, मायावती ने कार्यकर्ताओं को दिया ‘वोट सुरक्षा’ मंत्र


