नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर से सटे आस्था कुंज इलाके में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, मंदिर में दर्शन के बाद अपने नाबालिग मित्र के साथ घूम रही किशोरी को तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने उसके मित्र को अलग कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़िता की ओर से बताए गए हुलिए और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने इलाके के कई संदिग्धों को जांच के दायरे में लिया। इसी दौरान पुलिस को एक आरोपी की पहचान में मदद मिली।
अमर कॉलोनी में पुलिस ने घेरा
पुलिस के अनुसार, तुगलकाबाद निवासी 34 वर्षीय आसिफ को अमर कॉलोनी में जिलाधिकारी कार्यालय के पास घेरा गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आसिफ के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पीड़िता का अस्पताल में इलाज
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की उम्र करीब 16 से 17 वर्ष के बीच है। उसे चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद किशोरी काफी घबराई हुई थी और उसकी पहचान तथा गोपनीयता को सुरक्षित रखा जा रहा है।
आस्था कुंज पर फिर उठे सुरक्षा के सवाल
कालकाजी मंदिर से सटे आस्था कुंज इलाके में पहले भी गंभीर आपराधिक घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में ताजा वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनके आपसी संबंधों की भी जांच कर रही है।फिलहाल पुलिस मामले में साक्ष्य जुटा रही है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









