होम उप्र न्यूज़ सीतापुर में मासूम से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में...

सीतापुर में मासूम से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

0
28

सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई गई थीं और करीब 12 घंटे के भीतर उसे मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

मामला थानगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने नाना के घर आई हुई थी। आरोप है कि अवधराम उर्फ भोलेशंकर निवासी सत्तापुर, थाना सदरपुर, बच्ची को बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत की ओर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों की शिकायत पर थानगांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बच्ची को चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गईं टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की कई टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया। पुलिस की ओर से आरोपी पर इनाम भी घोषित किया गया था।

सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार के मुताबिक, 20 सितंबर को थानगांव थाने में छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें अवधराम उर्फ भोला को आरोपी बनाया गया था। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

बेर्रा गांव में पुलिस से मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को मुखबिर से आरोपी के बेर्रा गांव में देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम और मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।

तमंचा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 350 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर